अलवर में दिवाली के त्योहारी सीजन में कंपनी बाग रोड पर लगने वाले बाजार में दुकान लगाने के लिए पहले दिन 700 से ज्यादा आवेदन नगर निगम को मिले। निगम ने छोटे व्यापारियों के लिए 300 दुकानें बनाई हैं। दुकानों के लिए आवेदन लेने की शुरुआत होते ही बड़ी संख्या में छोटे व्यापारी पहुंच गए। ऐसे में अब निगम पहले आओ-पहले पाओ की योजना से पीछे हटकर लॉटरी के जरिए दुकानें आवंटित करने पर विचार कर रहा है। दरअसल, दिवाली पर घंटाघर, होपसर्कस, बजाज बाजार और नगर निगम के सामने ठेले लगाने वाले छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित जगह देने की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य प्रमुख बाजारों में भीड़ कम करना और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है। इसी के तहत कंपनी बाग रोड पर निशुल्क दुकानें बनाई गई हैं। इससे छोटे व्यापारी एक ही जगह पर अपना सामान बेच सकेंगे। पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर था आवंटन, अब लॉटरी से नगर निगम की योजना पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दुकानें आवंटित करने की थी, लेकिन पहले दिन 700 से ज्यादा आवेदन आने के बाद स्थिति बदल गई। दुकानों की संख्या 300 होने के कारण सभी आवेदकों को जगह देना संभव नहीं है। ऐसे में अब लॉटरी के जरिए दुकानों का आवंटन करने पर विचार किया जा रहा है। नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल ने बताया- पहले दिन बड़ी संख्या में व्यापारी फॉर्म जमा कराने पहुंचे। वहीं दुकानें केवल 300 बनाई गई हैं। ऐसे में लॉटरी के जरिए दुकानें आवंटित करने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही कंपनी बाग के अंदर भी अतिरिक्त दुकानें लगाने की संभावना तलाशी जा रही है। वहां व्यवस्था बन पाती है तो बाजार का विस्तार किया जा सकता है। एक जगह मिलेगा दिवाली का सामान कंपनी बाग रोड पर बाजार विकसित होने से ग्राहकों को दिवाली की खरीदारी के लिए एक ही जगह पर कई तरह का सामान मिल सकेगा। इससे घंटाघर, होपसर्कस और बजाज बाजार जैसे प्रमुख बाजारों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही छोटे व्यापारियों को भी सामान बेचने के लिए व्यवस्थित जगह मिलेगी और शहर में दिवाली की रौनक बढ़ेगी।