अलवर नगर निगम में मेयर और बोर्ड बनाने को लेकर चल रही सियासी खींचतान के बीच शुक्रवार को जयपुर के तुंगा स्थित एक रिसॉर्ट में जमकर हंगामा हुआ। यहां कांग्रेस ने अपने पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी अजय पूनिया, पूर्व पार्षद सतीश खंडेलवाल, धीरज जैन और निर्दलीय प्रत्याशी कुलदीप मीणा के चाचा भगवान मीणा वहां पहुंचे। उनके साथ वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। टीम वार्ड 22 से निर्दलीय प्रत्याशी कुलदीप मीणा को अपने साथ बाहर ले गई। घटनाक्रम को लेकर करीब तीन घंटे तक रिसॉर्ट में गहमागहमी रही। मामले की सूचना के बाद जयपुर, अलवर और दौसा जिलों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी कुलदीप मीणा को तुंगा थाने लेकर गए। यहां कुलदीप ने तबीयत खराब होने की बात कही और घर जाने की इच्छा जताई। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। कुलदीप बोले- परिवार के लोग बीमार हैं, इसलिए बाहर आया हूं कुलदीप मीणा ने बताया कि उनके परिवार में लोग बीमार हैं। उनकी, बच्चों और चाचा की तबीयत भी खराब थी। इसी वजह से वे रिसॉर्ट से बाहर आए। उन्होंने बताया कि रास्ते में दौसा में इलाज भी कराया गया। कुलदीप ने कहा कि उनके बाहर आने के पीछे कोई राजनीतिक दबाव नहीं है। कांग्रेस का आरोप- सरकारी मशीनरी का किया जा रहा इस्तेमाल घटनाक्रम पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सोशल मीडिया पर लिखा कि चुनावी राजनीति में भाजपा सरकार द्वारा पुलिस के इस्तेमाल के बाद अब वन विभाग की टीम को भी कांग्रेस के कैंप में भेजा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सभी विभागों के सरकारी कर्मचारियों को पार्षद इकट्ठा करने के काम में लगाने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वन विभाग के रेंजर बोले- गोपनीय काम से आए थे रिसॉर्ट पहुंचे वन विभाग के बस्सी रेंजर नमोनारायण मीणा ने कहा कि वे गोपनीय काम से रिसॉर्ट पर आए थे। उन्होंने इससे ज्यादा जानकारी सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया। घटनाक्रम को लेकर अलवर सिटी सीओ राजेश कसाना ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि मामले की जानकारी की जा रही है। कांग्रेस ने 64 प्रत्याशियों समेत 8 निर्दलीयों को रखा है बाड़ेबंदी में नगर निगम चुनाव में मेयर और बोर्ड बनाने को लेकर दोनों प्रमुख दलों ने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी कर रखी है। तुंगा स्थित रिसॉर्ट में कांग्रेस के 64 पार्टी प्रत्याशियों के साथ 8 निर्दलीय पार्षदों को भी रखा गया है। ऐसे में वार्ड 22 के निर्दलीय प्रत्याशी के रिसॉर्ट से बाहर आने के बाद दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- निर्दलीय अपनी इच्छा से आया होगा भाजपा के अलवर जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि अगर कोई निर्दलीय प्रत्याशी वहां से आया है तो अपनी इच्छा से ही आया होगा। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं है।