अलवर के कैमाला-मन्नाका ग्राम पंचायत क्षेत्र में सरपंच पद की उम्मीदवार शोभा जाटव के देवर प्रदीप कर्दम पर हमले का मामला सामने आया है। हमले में प्रदीप के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी शिकायत पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने बाबूलाल, दिलीप और सोहराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे प्रदीप कैमाला गांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और सरियों व लाठियों से सिर और शरीर पर वार किए। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर चुनाव नहीं लड़ने का दबाव भी बनाया। एक घंटे तक पड़ा रहा बेहोश प्रदीप ने बताया कि हमले के बाद वह कैमाला झील के पास करीब एक घंटे तक बेहोश पड़े रहे। होश आने पर किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर उनकी सोने की चेन छीन ले गए। साथ ही, उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने परिवार की सुरक्षा और चुनाव के दिन पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने की मांग भी की है।