अलवर के सिरमौली गांव निवासी एक व्यक्ति ने पैरालाइज की बीमारी से परेशान होकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की है। मृतक की पहचान रजाक पुत्र सहामत निवासी सिरमौली के रूप में हुई है। वह पिछले कई साल से पैरालाइज की बीमारी से परेशान था। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बीमारी के कारण काम करने में भी असमर्थ था मृतक के परिजन राहुल ने बताया कि रजाक लंबे समय से पैरालाइज की बीमारी से परेशान था। वह इलाज के लिए दवाइयां लेकर घर से निकलता था और एक-दो दिन में शेक आदि लगवाने जाता था। रविवार को भी वह घर से निकला था, लेकिन कुछ देर बाद रेलवे लाइन के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर शव के टुकड़े बिखर गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मृतक की पहचान कर परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों के अनुसार, रजाक पहले खेती-बाड़ी का काम करता था, लेकिन बीमारी के कारण वह काम करने में भी असमर्थ हो गया था। उसके चार बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।