अलवर जिला पुलिस महकमे में जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर चौधरी ने शनिवार को एक बड़ा फेरबदल किया है। SP चौधरी ने जिले के 22 पुलिस निरीक्षकों (CI) और 4 उप निरीक्षकों (SI) सहित कुल 26 पुलिस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से अपना नया कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इस फेरबदल की खास बात यह रही कि अलवर शहर के सदर थाने को छोड़कर सभी थानों के प्रभारी बदल दिए गए हैं। इसके साथ ही आसपास के थानों में भी व्यापक बदलाव किया गया है। कोतवाली थाना: यहां थानाधिकारी रमेश सैनी को हटाकर अकबरपुर भेजा गया है। उनकी जगह अब अखैपुरा के थानाधिकारी महेश तिवारी कोतवाली की कमान संभालेंगे। एनईबी थाना: यहां के थानाधिकारी दिनेश कुमार को थानागाजी भेजा गया है। वहीं अकबरपुर से सीमा कुमारी को एनईबी थाने लगा दिया। शिवाजी पार्क: विजयमंदिर थानाधिकारी प्रेमलता को अब शिवाजी पार्क थाने की कमान सौंपी गई है। अरावली विहार और उद्योग नगर: पुलिस लाइन से सुरेन्द्र सिंह को अरावली विहार का नया थानाधिकारी बनाया गया है। वहीं अरावली विहार में तैनात रामेश्वर लाल को उद्योग नगर भेजा है। वैशाली नगर और कठूमर: वैशाली नगर के थानाधिकारी गुरुदत्त सैनी का तबादला कठूमर किया गया है। उनकी जगह कठूमर से सुनील टांक को वैशाली लगाया गया है। साइबर थाना और गोविंदगढ़: साइबर थाने से राजकुमार मीणा को हटाकर प्रतापगढ़ थानाधिकारी लगाया गया है। वहीं डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) से उप निरीक्षक (SI) धीरेंद्र सिंह को गोविंदगढ़ का नया थानाधिकारी नियुक्त किया गया है। अखैपुरा थाने में संजय सिंह को लगाया है।