अलवर में पिता ने बेटी-बेटे को जहर दे दिया और खुद ने भी जहर खा लिया। घटना में पिता मोहित (35) और उसके 6 वर्षीय बेटे विवान की मौत हो गई, जबकि साढ़े 3 वर्षीय बेटी कृषा की हालत गंभीर बनी हुई है। बेटी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर थाने में ‘अपना घर शालीमार’ आवासीय साेसायटी में रविवार देर रात यह घटना हुई। परिजनों के अनुसार- मोहित पहले अपने परिवार के साथ जोधपुर में रहता था। वह वहां बीएसएनएल कंपनी में काम करता था। करीब एक साल पहले ही मोहित परिवार के साथ अलवर आया था और शालीमार में किराए के फ्लैट में रह रहा था। करीब दो साल पहले उसकी पत्नी की अचानक मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद से ही मोहित मानसिक तनाव में रहने लगा था। परिजनों के अनुसार- पिछले 3-4 महीने से उसका डिप्रेशन और ज्यादा बढ़ गया था। परिवार के लोगों ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह इससे बाहर नहीं निकल पा रहा था। साले को मैसेज किया- मैं जा रहा हूं घटना से पहले मोहित ने अपने साले राहुल को मैसेज किया। राहुल के अनुसार मैसेज में लिखा था- ‘वी आर गोइंग’ यानी ‘हम जा रहे हैं।’ राहुल ने मैसेज देखकर मोहित से पूछा कि ‘कहां जा रहे हो?’ इस पर मोहित ने जवाब दिया- ‘ऊपर।’ मैसेज पढ़ते ही राहुल को अनहोनी की आशंका हुई और वह तुरंत शालीमार स्थित मोहित के फ्लैट पर पहुंच गया। फ्लैट में अचेत मिले पिता और दोनों बच्चे राहुल के अनुसार जब वह फ्लैट पर पहुंचा तो मोहित और उसके दोनों बच्चे अचेत हालत में पड़े थे। मोहित की हालत भी गंभीर थी। राहुल ने बताया कि उस समय मोहित कुछ बड़बड़ा रहा था और उससे कह रहा था कि ‘दोनों बच्चों को बचा लो।’ इसके बाद राहुल ने तीनों को संभाला और रविवार देर रात जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। अस्पताल में डॉक्टरों ने मोहित और उसके 6 वर्षीय बेटे को मृत घोषित कर दिया। वहीं साढ़े 3 वर्षीय बेटी की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। 3-4 महीने से ज्यादा डिप्रेशन में था मोहित राहुल ने बताया कि बहन की मौत के बाद से ही मोहित मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। पिछले 3-4 महीने में उसका डिप्रेशन काफी बढ़ गया था। परिवार के लोग उसे बार-बार समझाते थे और सामान्य रहने की कोशिश करने के लिए कहते थे, लेकिन वह डिप्रेशन से बाहर नहीं निकल पा रहा था। घटना के पीछे बच्चों को जहर देने और खुद जहर खाने की तत्काल वजह क्या रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोहित ने किस वजह से यह कदम उठाया और बच्चों को जहर देने की स्थिति कैसे बनी। सदर थाना एसएचओ विजेंद्र ने बताया की दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा दिया हैं ,बच्ची का इलाज चल रहा हैं,और आगे की जांच की जा रही हैं।