अलवर में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 मॉडिफाइड साइलेंसर और 50 प्रेशर हॉर्न को रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया। ये साइलेंसर और हॉर्न वाहनों में लगाकर तेज आवाज निकालने के लिए यूज किए जा रहे थे। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। यह कार्रवाई शहर के भगत सिंह चौराहे के पास ट्रैफिक पुलिस बूथ के सामने की गई। पुलिस ने साइलेंसरों पर तब तक रोड रोलर चलाया, जब तक वे पूरी तरह पिचककर नष्ट नहीं हो गए। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र होकर इसे देखते रहे। पहले देखिए, 2 PHOTOS… 500 से ज्यादा मॉडिफाइड साइलेंसर पुलिस पहले कर चुकी नष्ट यातायात पुलिस पिछले कई महीनों से मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज आवाज करने वाली बुलेट और अन्य बाइकों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इसके साथ ही वाहनों पर नियमों के विरुद्ध नेम प्लेट लगाने वालों पर भी मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी पुलिस करीब 500 से ज्यादा मॉडिफाइड साइलेंसर रोड रोलर से नष्ट कर चुकी है, ताकि लोगों में जागरूकता आए और कोई भी अपनी बाइक में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर नहीं लगवाए। बुलेट और अन्य बाइकों से जब्त किए गए मॉडिफाइड साइलेंसर यातायात प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में एमवी एक्ट के तहत अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान विशेष रूप से बुलेट और अन्य बाइकों से जब्त किए गए मॉडिफाइड साइलेंसरों को नष्ट किया गया है। शुक्रवार को करीब 300 साइलेंसर और 50 प्रेशर हॉर्न रोड रोलर से नष्ट किए गए। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस अभियान में स्थानीय थाना पुलिस का भी सहयोग मिल रहा है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में एमवी एक्ट के तहत नियमित कार्रवाई कर रही है।