अलवर शहर के अखेपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन के पास एक किराए के मकान में रहने वाले यातायात पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। अखेपुरा थाने के एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि हरियाणा के फारुखनगर क्षेत्र के जॉनी का बास निवासी 56 साल के राजकुमार शर्मा अलवर यातायात पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत थे और पुलिस लाइन के पास किराए के मकान में अकेले ही रहते थे। गुरुवार सुबह जब उनके साथी उन्हें जगाने पहुंचे तो वह नहीं उठे। इस पर तुरंत उन्हें अलवर के सरकारी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। डॉ. सिद्धार्थ विजयवर्गीय ने बताया कि ब्रेन हेमरेज की समस्या के चलते मौत हो सकती है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। बेटे की नवंबर 2025 में हुई थी शादी मृतक राजकुमार शर्मा के परिवार में दो बच्चे हैं, जो दोनों शादीशुदा हैं। बताया जा रहा है कि उनके एक बेटे की शादी नवंबर 2025 में ही हुई थी। फिलहाल अखेपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।