गर्मी के साथ ही पानी का संकट भी गहराने लगा है। अलवर के वार्ड 12 में 4 से 5 दिनों में पानी की सप्लाई होती है। इससे परेशान लोगों ने आज लादिया फील्ड सप्लाई प्वाइंट पर जाकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को घेराव कर दिया। नौबत ये आई गई कि पुलिस जाब्ता बुलाना पड़ा।पानी की सप्लाई होने के बाद ही लोग शांत हुए। प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प बात भी हुई। अखैपुरा थाने के थाना प्रभारी महेश तिवाड़ी ने एक महिला से कहा- ‘मैंने आपको देख रखा है।’ दरअसल, पानी को लेकर पहले भी प्रदर्शन होते आए है, जिसमें महिला और थाना प्रभारी का पहले भी आमना-सामना हुआ है। वहीं जेईएन ने दो लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वार्ड 12 में पानी का संकट पानी संकट का ये मामला वार्ड 12 के होली ऊपर व कुम्हार पाडी सहित आस-पास के मोहल्ले का है। पानी की किल्लत को लेकर आज लादिया फील्ड सप्लाई प्वाइंट पर विरोध-प्रदर्शन किया गया था। जलदाय विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों से लोगों की बहस हुई। लोगों ने अधिकारियों का घेराव कर दिया। 4 से 5 दिन में आता पानी वार्ड में रहने वाले गौरव शर्मा ने बताया कि लादिया फील्ड से वार्ड 12 और 19 पानी की सप्लाई होती है। वार्ड 12 में पानी की हमेशा किल्लत बनी रहती है। वार्ड 12 के होली ऊपर, कुम्हार पाड़ी सहित अन्य हिस्सों में 4 से 5 दिन में पानी आता है। वह भी पूरा नहीं आ रहा है। इस कारण मंगलवार सुबह लोग लादिया पानी की सप्लाई प्वाइंट पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। पुलिस के आने के बाद जलदाय विभाग ने वार्ड 12 के क्षेत्र में पानी की सप्लाई की। उसके बाद मामला शांत हुआ। पूर्व महापौर के वार्ड में सप्लाई ठीक महेश कुमार ने बताया कि वार्ड 19 में पानी की सप्लाई ठीक होती है। वहां पानी की किल्लत नहीं रहती है। वार्ड 18 पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर का वार्ड है। वहीं वार्ड 12 भी उससे लगता क्षेत्र है। यहां पानी की सप्लाई कम होती है। पहले दो दिन में करीब एक घंटे से ज्यादा सप्लाई हो जाती थी। अब तो 3 दिन में तो कभी 5 दिन में पानी आता है। वह भी पूरा नहीं आता है। घरों में पानी नहीं आने पर लादिया प्वाइंट पर आकर विरोध किया। अधिकारियों ने पुलिस जाब्ता बुलाया हंगामे और घेराव को देखते हुए अधिकारियों ने एडीएम को सूचना देकर पुलिस जाब्ता मांगा। इसके बाद अखैपुरा थाना प्रभारी महेश तिवाड़ी जाब्ते के साथ पहुंचे। प्रदर्शन में शामिल एक महिला को देखकर वे बोले- ‘मैंने आपको देख रखा है।’ महिला ने जवाब दिया-'देख रखा होगा। मैं बदली नहीं हूं। आगे बदलूंगी भी नहीं।' इस पर थानेदार बोले- 'जैसा ऊपर वाले ने बना दिया वैसा ही रहेगा आदमी। ' पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों के बीच समझाइश की। वार्ड के 12 के कुछ हिस्सों में पानी की सप्लाई की गई। आगे तय समय पर सप्लाई करने का आश्वासन दिया गया। तब लोग माने। वहीं महिला के बारे में थानेदार ने कहा कि महिला को पहले भी एक दो बार अलग-अलग मामलों में आक्रोशित देखा गया है। महिला को समझाया था कि आराम से सहजता से बात करना ठीक रहता है। राजकार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज एईएन सुनील कुमार यादव ने अखैपुरा थाने में राजकार्य में बाधा पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि आज सुबह करीब 7 बजे के आस-पास पानी की सप्लाई दी जानी थी। उससे पहले ही 6:45 बजे वार्ड 12 में रहने वाले गौरव शर्मा और बिजेंद्र गुर्जर सहित अन्य लोगों ने लादिया पंप हाउस पर ताला लगा दिया। उन्होंने पंप हाउस से पानी की सप्लाई नहीं होने दी और राजकार्य में बाधा उत्पन्न की। एडीएम को सूचना देकर पुलिस जाब्ता मांगा गया। साढ़े 8 बजे के बाद पानी की सप्लाई की जा सकी।