अलवर जिले में आज दोपहर कई जगहों पर तेज बारिश के साथ ओले गिरे है। मौसम अलसुबह से ही बदला हुआ है। सुबह करीब साढ़े 6 बजे शहर और जिले के कई इलाकों में लगभग 20 मिनट तक हल्की रिमझिम बारिश हुई। इसके बाद सुबह 9 बजे तक काले घने बादल छाए रहे। इसके बाद धूप खिली। दोपहर में मालाखेड़ा के ढाकपुरी और केरवाजाट में ओले गिरे। मौजपुर में भी तेज बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। देखिए, बारिश की PHOTOS जिला हॉस्पिटल में छांव की व्यवस्था पिछले कुछ दिनों से अलवर में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला हॉस्पिटल में मरीजों और उनके परिजनों के लिए ग्रीन नेट लगाकर छांव की व्यवस्था की गई है, ताकि धूप से राहत मिल सकें। मौसम विभाग के अनुसार- अगले दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, जिसमें आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में थोड़ी और गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।