अलवर में मौसम ने अचानक करवट ली है। गुरुवार दोपहर में शहर सहित जिले के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इसके बाद रातभर मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। देर रात तेज हवाएं चलने लगीं, वहीं शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे से बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अलवर में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रह सकता है। शहर और जिले के अलग-अलग इलाकों में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश होती रही। सुबह करीब 8 बजे के बाद मौसम खुला और बारिश थम गई। अचानक हुई इस बारिश के बाद तापमान में गिरावट महसूस की गई और ठंडक का असर बढ़ गया। सुबह के समय मौसम में ठंडक रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। आज हल्की बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, 16 अक्टूबर को अलवर जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, बारिश के बाद सुबह और रात के समय मौसम में ठंडक महसूस हो सकती है। 17 अक्टूबर से साफ होगा मौसम, फिर बढ़ेगा पारा मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 अक्टूबर से अलवर में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। 17 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं, 18 और 19 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। 20 अक्टूबर को भी तापमान 34 डिग्री और 21 अक्टूबर को 35 डिग्री तक रहने का अनुमान है। ऐसे में बारिश के बाद मिली राहत के बावजूद आने वाले दिनों में दिन के समय गर्मी का असर फिर बढ़ सकता है। फिलहाल मौसम में आए बदलाव से सुबह और रात के तापमान में ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में धूप निकलने के साथ गर्मी का असर बना रह सकता है।