अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के खुदनपुरी जोहड़ के समीप मंगलवार देर रात चार बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। युवक के पेट में चाकू से चार वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। गंभीर हालत में घायल युवक खुद ही जिला अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने आनन-फानन में उसके पेट में टांके लगाकर उसकी जान बचाई। वारदात की सूचना मिलते ही शिवाजी पार्क, एनईबी और अखेपुरा थाना पुलिस तुरंत जिला अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। दोस्तों ने फोन कर बुलाया अस्पताल में भर्ती घायल धीरज जाटव निवासी दिल्ली दरवाजा ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया वह मंगलवार शाम को अपने चार दोस्तों के साथ यह कहकर घर से निकला था कि बड़ौदा मेव में एक शादी समारोह में जा रहा हूं। जब मैं वहां से वापस लौट रहा था, तभी मेरे दोस्तों ने मुझे फोन करके खुदनपुरी जोहड़ के पास बुला लिया।" धीरज ने बताया कि जब वह खुदनपुरी पहुंचा, तो वहां पहले से ही चार अन्य युवक हाथों में धारदार चाकू लिए घात लगाकर खड़े थे। उन्होंने बिना कुछ सोचे-समझे उस पर हमला कर दिया और पेट में ताबड़तोड़ चाकू घोंप दिए। पुलिस जांच में जुटी चाकूबाजी की इस वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल धीरज अपने अन्य दोस्तों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने इमरजेंसी में उसके पेट के घावों पर टांके लगाए। पुलिस ने घायल युवक के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस आपसी रंजिश और दोस्तों की भूमिका को ध्यान में रखते हुए हमलावरों की तलाश में जुट गई है।