अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक ने खुद के घर में ही फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पता चलने पर परिजनों ने युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पहले भी की सुसाइड की कोशिश मृतक की पहचान अखेपुरा मोहल्ला निवासी शुभम रैगर के रूप में हुई है। शुभम गणेश मार्केट में एक जूते-चप्पल की दुकान पर काम करता था। मंगलवार को उसका वीक-ऑफ था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह शुभम घर में फांसी लगाने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान उसकी मां और पत्नी की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने समय रहते उसे रोक लिया। इसके बाद परिवार के लोगों ने शुभम को समझाया और मामला शांत हो गया। सभी को लगा कि अब स्थिति सामान्य है, लेकिन मंगलवार देर शाम मौका पाकर वह चुपके से घर के ऊपरी कमरे में गया और फंदे से लटक गया। पत्नी उठाने गई तो खिड़की से दिखा मृतक के भाई कुलदीप ने बताया कि शाम के समय जब शुभम की पत्नी उसे जगाने के लिए ऊपर कमरे में गई तो कमरा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब गेट नहीं खुला, तो पत्नी ने घबराकर खिड़की से अंदर झांका। अंदर शुभम फंदे पर लटका हुआ था। यह देख पत्नी ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन दौड़कर ऊपर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शुभम को नीचे उतारा। वे उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर भागे। सुसाइड की वजह साफ नहीं, जांच में जुटी पुलिस मृतक के भाई कुलदीप ने बताया कि यह साफ नहीं हो सका है कि शुभम ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस का कहना है कि सुसाइड के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और मामले की जांच के बाद ही हो सकेगा।