श्रीमाधोपुर उपखंड के गोपालपुरा गांव निवासी अमित दूधवाल ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में 376वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अमित ने यह सफलता अपने दूसरे प्रयास में हासिल की। अमित ने आईआईटी दिल्ली से बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने निजी क्षेत्र में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के क्षेत्र में भी काम किया। अमित ने बताया कि वे संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आरएएस परीक्षा भी दी, जिसमें उन्हें सफलता मिली। इससे पहले वर्ष 2023 में उनकी 1167वीं रैंक आई थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते रहे। बोले- पिता शिक्षक ने दी प्रेरणा, परिवार ने दिया सहयोग अमित के पिता हरफूल राम एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। परिवार में शिक्षा का माहौल होने के कारण उन्हें हमेशा पढ़ाई के लिए प्रेरणा मिलती रही। अमित अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं और परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया। अमित की सफलता की खबर मिलते ही गोपालपुरा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। स्थानीय लोगों का मानना है कि अमित की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगी और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।