भाड़ौती| क्षेत्र में ओवरलोड, ओवर हाइट वाहनों की समस्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को अजनोटी गांव के पास हाईवे पर तूड़ी से भरा एक जुगाड़ वाहन अचानक बीच सड़क पर खराब हो गया। दिनभर यातायात बाधित रहा। वाहन चालकों को खराब जुगाड़ से बचाकर वाहन निकालने पड़े। राहगीरों को परेशानी हुई।स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईवे पर ऐसे ओवरलोड, ओवर हाइट वाहन आए दिन मुसीबत बन रहे हैं। कई बार तूड़ी से भरे वाहन रास्ते में खराब हो जाते हैं। घंटों जाम लग जाता है। ओवर हाइट होने से ये वाहन बिजली के तारों को नुकसान पहुंचा चुके हैं। कई बार गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्य बाजार क्षेत्र में भी ऐसे वाहनों से जाम की स्थिति बनती है। संकरी सड़कों पर ये जुगाड़ वाहन धीमी गति से चलते हैं। यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है।