भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ / करजू बड़ीसादड़ी-नीमच मार्ग पर करजू मोड़ के पास मंगलवार को एक अनियंत्रित ट्रोला सड़क किनारे दुकानों में घुस गया। हादसे में टीन शेड और दुकानों का आगे का ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रोला तेज रफ्तार में था और मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शेड और बोर्ड मलबे में बदल गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और कुछ देर यातायात बाधित रहा। ग्रामीणों ने बताया कि मोड़ पर संकेतक और स्पीड ब्रेकर की कमी है, जिससे यह स्थान ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है। चालक को मामूली चोटें आई हैं। भास्कर नॉलेज : तेज गति में मोड़ लेते समय अपकेंद्र बल वाहन को बाहर की ओर धकेलता है। गति अधिक होने पर चालक के नियंत्रण खोने से दुर्घटना होती है। आबादी क्षेत्रों में 30-40 किमी/घंटा सीमा जरूरी है।