​बांसवाड़ा जिले में मंगलवार को अचानक मौसम बदल गया। कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि आनंदपुरी क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश का दौर चला। बेमौसम हुई इस बरसात ने क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी हैं। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है। ​आनंदपुरी क्षेत्र में एक किसान के खेत में मक्का निकालने का काम चल रहा था, तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते जमीन पर पड़ा हुआ मक्का पानी में पूरी तरह भीग गया। अचानक आए इस बदलाव से किसान अपनी उपज को बचाने का मौका तक नहीं पा सके। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने गेहूं और मक्का की फसल को बुरी तरह प्रभावित किया है। वर्तमान में अधिकांश किसानों की फसल कटाई के अंतिम चरण में है या कटकर खेत में पड़ी है, ऐसे में अनाज भीगने से उसके खराब होने और काला पड़ने का खतरा मंडरा रहा है। ​किसानों का कहना है- इस साल पहले ही गेहूं और मक्का के उत्पादन में गिरावट देखी जा रही थी, अब बेमौसम बारिश ने भी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। हालांकि बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन अन्नदाता के लिए यह आफत बनकर बरसी है। परेशान किसानों ने अब जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में फसल खराबे का तुरंत सर्वे करवाया जाए और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए। मौसम विभाग के वैज्ञानिक महिपाल सिंह चौधरी ने बताया कि 7 और 8 अप्रैल को जिले में बारिश का अलर्ट था। कल भी बारिश होने की संभावना है।