श्रीगंगानगर बॉर्डर पर 12 अक्टूबर को पाकिस्तानी ड्रोन से आरडीएक्स, हथियार और कारतूसों की ड्रॉपिंग के मामले में एक और खुलासा हुआ है। भास्कर पड़ताल में आया कि पाक सप्लायर अली चाचा से डील करने वाले पंजाब के हैंडलर कुलवंत को पता था कि कौन-सा ड्रोन आरडीएक्स की ड्रॉपिंग करेगा। उसने कैरियर सुखविंदर को 12 अक्टूबर को ड्रॉपिंग से पहले मैसेज दिया था कि तीसरे पैकेट को सावधानी से खोलना। सफेद रंग के पैकेट में 7.750 किलो आरडीएक्स था। इधर, राजस्थान एटीएस और पंजाब पुलिस कुलवंत की तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद बड़े खुलासे होंगे। मामले की जांच एटीएस के डीआईजी राममूर्ति जोशी कर रहे हैं। 12 अक्टूबर को रात 9:14 बजे खानूवाली पोस्ट से एक किमी दूर चक 5 केएनएम में तीन ड्रॉपिंग हुई थीं। इनमें तुर्की निर्मित 2 जिगाना पिस्टल, 4 मैगजीन निकलीं, जबकि दूसरे ड्रॉपिंग के पैकेट में 867 कारतूस थे। पहले दो पैकेट की पैकिंग सामान्य थी, एक पैकेट तो ड्रॉपिंग में ही फट गया और पिस्टल का बॉक्स बाहर आ गया। जिस तीसरे पैकेट में आरडीएक्स था, उसकी पैकिंग भी अलग तरह की थी। बीएसएफ की टीम को इसे खोलने के लिए कई बार कट लगाने पड़े। पाकिस्तानी सप्लायर से डील करने वाले हैंडलर कुलवंत ने अपने लिए मंगवाए थे हथियार पड़ताल में सामने आया है कि पाकिस्तान के सप्लायर अली चाचा से डील करने वाले पंजाब के हैंडलर कुलवंत ने पिस्टल और कारतूस अपने लिए मंगवाए थे। एटीएस और पंजाब पुलिस यह पता लगाने में जुटी हैं कि तुर्की निर्मित 2 जिगाना पिस्टल, 4 मैगजीन और 867 कारतूस किस वारदात को अंजाम देने में काम आने वाले थे। इस एंगल पर भी जांच की जा रही है कि कुलवंत को इस असलहे की किसी को डिलीवरी देनी थी या वह खुद ही कोई वारदात करने वाला था। उसे पकड़ने के लिए एटीएस और पंजाब पुलिस लगातार दबिश दे रही हैं। ड्रॉपिंग के समय उसकी लोकेशन मोगा में थी। वांटेड से मिलीभगत के सबूत जुटा रहा एटीएस एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने मामले की जांच तेज कर दी है। मंगलवार सुबह श्रीगंगानगर पहुंचे एजेंसी के डीआईजी राममूर्ति जोशी की निगरानी में केस से जुड़े सभी सबूत रिकॉर्ड पर लेने का काम चल रहा है। एजेंसी पंजाब के जलालाबाद सिटी थाने में 12 सितंबर की रात हुए ग्रेनेड हमले में वांटेड सुखविंदर से मिलीभगत के सबूत विशेष रूप से जुटा रही है। फिलहाल पड़ताल का फोकस तीन सवालों पर है- रघु ने सुखविंदर को किसके कहने पर अपने दोस्त बज्जू के घर पर रोका? हैंडलर कुलवंत से डील करने के लिए मोबाइल किसने और क्यों दिया? रेकी करने के लिए कार किसने दी?