भास्कर न्यूज| जैसलमेर जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्रसिंह सांदू की अध्यक्षता में प्रभारी अधिकारी किशोर बिस्सा तथा जिला परियोजना समन्वयक वीरेंद्रसिंह सोलंकी की उपस्थिति में जिले के सभी ब्लॉक प्रभारी अधिकारियों एवं ब्लॉक समन्वयकों के साथ स्वच्छता व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक ब्लॉक के लिए प्रभारी अधिकारी निश्चित किए गए हैं, जो अपने अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रुप से उत्तरदायी होंगे। सभी ब्लॉक प्रभारी अधिकारियों एवं ब्लॉक समन्वयकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीनस्थ ग्राम पंचायतों में नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित साफ सफाई बनी रहे तथा कहीं भी कचरे के ढेर न पाए जाएं। प्लास्टिक कचरे का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्थान पर प्लास्टिक कचरे का फैलाव न हो। संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को स्पष्ट रूप से दायित्व सौंपते हुए स्वच्छता कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जाए। यदि किसी ग्राम पंचायत में स्वच्छता संबंधी निर्देशों की अवहेलना पाई जाती है तो संबंधित कार्मिक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पिछले सत्र से लंबित सामुदायिक शौचालयों से संबंधित सीसी को शीघ्रातिशीघ्र जमा करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सभी ब्लॉक प्रभारी अधिकारियों एवं ब्लॉक समन्वयकों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से फील्ड विजिट कर स्वच्छता कार्यों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें एवं प्रगति की निरंतर समीक्षा करते रहें। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। जिला स्तर से सतत निगरानी रखते हुए प्रत्येक ब्लॉक की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। जिससे जिले को पूर्ण स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।