बाड़मेर | महिला संगठन बाड़मेर ने निबानियों की ढाणी की माडपुरा में पक्की सहेली ग्रुप की मीटिंग कराई। महिला संगठन की अध्यक्ष अनीता सोनी ने कहा कि महिला शब्द में बड़ी ताकत है। इसमें ममता, हिम्मत, लज्जा तीनों हैं। फिर भी परिवार में सुख-सम्पत्ति बनी रहे, इसके लिए महिलाएं कई बार समझौता करती हैं। आवाज नहीं उठाती। इसी कारण कई बार हिंसा का शिकार हो जाती हैं। अनीता सोनी ने कहा कि जीवन अच्छा चले, इसके लिए पति-पत्नी एक-दूसरे का सम्मान करें। एक-दूसरे को समझें। जहां हिंसा की शुरुआत हो, वहां महिलाओं को बोलने की जरूरत है। आवाज उठानी है। चुप्पी की संस्कृति तोड़नी है। उन्होंने कहा हिंसा करने वाला गुनहगार होता है। हिंसा सहने वाला भी गुनहगार होता है। इसलिए गुनहगार नहीं बनना है। अपने हक और अधिकार के लिए आवाज उठानी है। उन्होंने कहा, अच्छा बनो। इतना भी अच्छा नहीं बनना चाहिए कि जीवन बर्बाद हो जाए।