अरनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन चयन शिविर आयोजित किया गया। इसमें कुल 223 मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान 29 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, जिन्हें ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। शिविर का आयोजन जिला अंधता निवारण समिति प्रतापगढ़ और तारा संस्थान उदयपुर की ओर से किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आंखों की जांच और उपचार की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराना था, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण कोई भी मरीज इलाज से वंचित न रहे। 29 मरीजों का उदयपुर में होगा मुफ्त ऑपरेशन शिविर में चयनित मोतियाबिंद मरीजों को तारा संस्थान के वाहन से उदयपुर ले जाया जाएगा। वहां सचिन भाटिया आई हॉस्पिटल में उनके ऑपरेशन निःशुल्क किए जाएंगे। संस्थान की ओर से मरीजों के रहने और खाने की व्यवस्था भी मुफ्त की जाएगी। 125 पुरुष और 98 महिलाओं की हुई जांच शिविर में कुल 223 मरीजों की आंखों की जांच हुई। इनमें 125 पुरुष और 98 महिलाएं शामिल थीं। अन्य नेत्र रोगियों को निःशुल्क चश्मे और दवाइयां दी गईं। जांच करवाने वालों में अनुसूचित जाति के 30, अनुसूचित जनजाति के 36, अन्य पिछड़ा वर्ग के 107 और सामान्य वर्ग के 50 मरीज शामिल रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को आंखों से संबंधित समस्याओं की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।