राजस्थान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी एक दिवसीय दौरे पर डूंगरपुर पहुंचे। सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंचायतराज चुनाव में भाजपा का भगवा परचम लहराएगा। चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के वादों पर भरोसा है। उनके मुताबिक पिछले निकाय चुनावों में लोगों ने पार्टी के संकल्प पत्रों पर भरोसा जताया और ज्यादातर निगमों व परिषदों में भाजपा प्रत्याशियों को जिताया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भी यही रुझान दिख रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पिछले 12 साल और राजस्थान में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के पिछले 3 साल में ग्रामीण विकास, कृषि और किसानों के उत्थान के लिए काम हुए हैं। चतुर्वेदी ने दावा किया कि इन कामों के चलते पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी भारी मतों से जीतेंगे। दिल्ली में कांग्रेस की ‘देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ रैली पर चतुर्वेदी ने तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए संविधान का दुरुपयोग किया, आपातकाल लगाया, विपक्षी नेताओं को जेल में डाला और धारा 356 का बार-बार इस्तेमाल कर चुनी हुई सरकारें गिराईं। उन्होंने कहा कि अब वही पार्टी लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपना अस्तित्व बचाने के लिए देश में अराजकता और अशांति का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक जनता कांग्रेस की इस कोशिश को समझती है।