नाबालिग से रेप के मामले में सजा काट रहे आसाराम की पैरोल खत्म होने के बाद तय समय में जेल में नहीं लौटे, इसको लेकर जेल प्रहरी बनवारी लाल ने रातानाडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बनवारी लाल ने 20 दिन की पैरोल खत्म होने पर सेंट्रल जेल नहीं पहुंचने पर आसाराम के खिलाफ कारागार अधिनियम की धारा 58 (ख) के तहत मंगलवार देर रात मामला दर्ज कराया है। बता दें कि आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट ने 6 अक्टूबर को 20 दिन की पैरोल दी थी, जो मंगलवार 26 अक्टूबर को खत्म हो गई। पैरोल बढ़ाने को लेकर आसाराम ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल आधार पर आसाराम की पैरोल को बढ़ाने से इनकार कर दिया, साथ ही आसाराम को आदेश दिए कि वह मंगलवार शाम 5 बजे तक जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर करे। इसके बाद आसाराम एयर एंबुलेंस के जरिए उज्जैन से जोधपुर पहुंचा। जेल अधीक्षक ने नहीं दी एंट्री आसाराम रात करीब 10.40 बजे सरेंडर करने सेंट्रल जेल पहुंचा। जेल अधीक्षक प्रमोद सिंह ने रात के समय बंदी को प्रवेश नहीं देने का नियम बताकर बाहर से रवाना कर दिया। इसके बाद आसाराम भगत की कोठी स्थित आरोग्यम अस्पताल चला गया। आसाराम के आज सरेंडर करने की संभावना है। 20 दिन की मिली थी पैरोल आसाराम के पैरोल बढ़ाने पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान सरकार से कहा है कि वह आसाराम की सेहत का ध्यान रखे। दरअसल, आसाराम 20 दिन की मेडिकल पैरोल पर बाहर है, जिसे बढ़ाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। आसाराम के वकील का कहना था कि अभी आसाराम का इलाज जारी है। वह उज्जैन (मध्य प्रदेश) के गवर्नमेंट धन्वंतरि आयुर्वेदिक हॉस्पिटल में भर्ती है। ऐसे में 20 दिन के पैरोल को बढ़ाया जाए। ----------- ये खबर भी पढ़िए… फिर जेल जाएगा आसाराम, सुप्रीम-कोर्ट का पैरोल बढ़ाने से इनकार:शाम 5 बजे तक सरेंडर करना था; उज्जैन के हॉस्पिटल में भर्ती है