शहर के कंपू इलाके के शंकरपुरा चौराहा मोहल्ले में 4 दिन पहले रात हुए विवाद में चाकू-तलवार से जानलेवा हमला किया गया था। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। हमले में रामेश्वर सैनी और संजय सैनी घायल हुए थे। संजय की हालत गंभीर होने पर उसे सआदत अस्पताल से जयपुर रेफर किया गया। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। थानाधिकारी भंवरलाल वैष्णव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी संसाधनों और पारंपरिक पुलिस तरीकों से आरोपियों की पहचान की गई। लवीश, विशाल, कृष्ण और ध्रुव को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से तलवार, चाकू और बेसबॉल का डंडा जब्त किया गया। वारदात में इस्तेमाल महंगी बाइक समेत 3 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। एक अन्य आरोपी अमित की तलाश जारी है। घटना 12 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे की है। कंपू इलाके के एक मकान में मौजूद लड़कों और मोहल्लेवासियों के बीच कहासुनी हुई। हंगामा बढ़ गया। बीच-बचाव करने पहुंचे रामेश्वर सैनी पर चाकू से वार किया गया। संजय सैनी पर तलवार से हमला किया गया। दोनों घायल हो गए। संजय को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। रामेश्वर को बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर करना पड़ा।