चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्र के बगीना गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए आवंटित की गई करीब एक बीघा जमीन पर बुधवार को राजस्व विभाग की टीम द्वारा अतिक्रमण हटाया गया है। इस दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से तहसीलदार नीरज सिंह एवं राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस कार्रवाई को लेकर पिछले कई दिनों से ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही थी। एक बीघा जमीन से अतिक्रमण हटाया पटवारी सुनील कुमार एवं रामहेत ने बताया कि यह सरकार द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए यहां पर जमीन आवंटित की गई थी। जिस पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया था। ऐसे में उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण एवं अन्य कार्य रुका हुआ था। जिसके चलते लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं सही से नहीं मिल पा रही थी। राजस्व विभाग को शिकायत प्राप्त होने के बाद तहसीलदार के निर्देशन में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। जिसके तहत उप स्वास्थ्य केंद्र की पूरी भूमिका अतिक्रमण हटाते हुए भूमि को चिन्हित किया गया है। दूसरी ओर उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन बनने पर मरीज को स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर मिल सकेगी।