जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मंगलवार दोपहर बकानी तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर राठौड़ ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में वसूली कार्य को राज्य सरकार के निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप करने पर जोर दिया। उन्होंने राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम 1956 की धारा 256-257 के तहत लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आंतरिक लेखा जांच दल द्वारा इंगित आय संबंधी बकाया पैराज की पालना रिपोर्ट जल्द भेजने को कहा। साथ ही, भू-अभिलेख शाखा में लंबित अभिलेखों को जिला अभिलेखागार में जमा कराने तथा चालू वित्तीय वर्ष में पंजीयन कार्य में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने 34 बकाया नामांतरण और 9 सीमाज्ञान प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त 20 वर्ष पुराने तलफी योग्य रिकॉर्ड के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाकर कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने तहसीलदार को भू-अभिलेख शाखा के कार्यों पर विशेष नियंत्रण रखने के लिए भी निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान, फिडिलिटी बांड तैयार करने, पटवार भवनों के आवंटन में आ रही समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा चरागाह भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर तहसीलदार रतन लाल भील सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की अंतिम तिथि 30 अप्रैल पीजी कॉलेज झालावाड़ में नियमित अध्ययनरत उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत लाभार्थी स्टूडेंट्स के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग राजस्थान सरकार की ओर से उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना सत्र 2025-26 आवेदन करने की अन्तिम तिथि बढ़ाकर 30 अप्रैल तक कर दी है। इच्छुक एवं पात्र स्टूडेंट्स निर्धारित अन्तिम तिथि 30 अप्रैल तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते है। छात्रवृत्ति योजना के नोडल अधिकारी डॉ. रामकिशन माली ने बताया कि इस विभागीय छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से पूर्व स्टूडेंट्स को विभागीय पोर्टल पर ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) तथा अपने बैंक खाते को आधार सीडेड करवाना अनिवार्य है। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर चुके स्टूडेंट्स को कॉलेज में उपस्थित होकर अपनी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करवाना अनिवार्य है। कॉलेज प्रिंसिपल प्रो. रामकल्याण मीणा ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन करने में किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए स्टूडेंट्स कॉलेज में गठित छात्रवृत्ति समिति के अधिकारियां से सम्पर्क कर सकते हैं।