बालोतरा में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने कृषि उपज मंडी में कार्रवाई करते हुए 3,133 किलोग्राम संदिग्ध दुर्गा ब्रांड सरसों तेल और 209 किलोग्राम आशीष ब्रांड घी सीज किया। खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के चार नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। टीम ने मैसर्स माधव ट्रेडिंग कंपनी से गुड़ और दुर्गा ब्रांड सरसों तेल के नमूने लिए। यहां से 3,133 किलोग्राम संदिग्ध सरसों तेल सीज किया गया। महावीर ट्रेडर्स से आशीष ब्रांड घी का नमूना लेकर 209 किलोग्राम संदिग्ध घी सीज किया गया। वहीं, महारानी मावा भंडार से मीठे मावे का नमूना लिया गया। विभाग के अनुसार, लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम चौधरी ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर दूध, मावा, पनीर, मिठाइयों और खाद्य तेलों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभागीय टीमें लगातार बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की कि मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, शुद्धता, पैकेजिंग और वैधता संबंधी जानकारी का ध्यान रखें। ये रहे मौजूद कार्रवाई के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम चौधरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरधारी राम और भोजराज सहित खाद्य सुरक्षा दल के सदस्य मौजूद रहे।