बालोतरा थाना पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ज्वलनशील केमिकल से भरा एक टैंकर, केमिकल से भरे ड्रम और अन्य सामग्री जब्त की है। इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। दबिश देकर दो को पकड़ा बालोतरा थानाधिकारी हिंगलाज दान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने साकरणा आबादी क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान देवाराम और विक्रम सिंह को हिरासत में लिया गया है। केमिकल से भरे ड्रम, मोटर जब्त पुलिस ने मौके से ज्वलनशील केमिकल से भरा एक टैंकर, पास के कमरे में रखे केमिकल से भरे ड्रम, केमिकल मिश्रण में इस्तेमाल होने वाला नमक, खाली ड्रम और वाहनों में केमिकल भरने के लिए उपयोग की जाने वाली पानी की मोटर जब्त की है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी है। गुजरात से बालोतरा लाते थे प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गुजरात से ज्वलनशील केमिकल से भरे टैंकर बालोतरा लाते थे। आबादी क्षेत्र में स्थित एक भूखंड के कमरे में टैंकर से केमिकल का कुछ हिस्सा ड्रमों में खाली किया जाता था। इसके बाद उसमें पानी और नमक मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाई जाती थी। इस मिश्रित केमिकल को फिर अन्य वाहनों के माध्यम से विभिन्न फैक्ट्रियों में अवैध रूप से सप्लाई कर मुनाफा कमाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में कुम्पलिया निवासी देवाराम पुत्र आसुराम लोहार और टापरा निवासी विक्रम सिंह पुत्र मांगू सिंह राजपूत को हिरासत में लिया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।