बालोतरा का एकमात्र सार्वजनिक श्मशानघाट इन दिनों बदहाली का शिकार है। श्मशानघाट परिसर में चारों ओर गंदगी के अंबार लगे हुए हैं, जिससे शवदाह के लिए आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से यहां नियमित साफ-सफाई नहीं हुई है। परिसर में न तो पर्याप्त पानी की व्यवस्था है और न ही अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। गौरतलब है कि स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एम्बेसडर के.के. गुप्ता ने हाल ही में श्मशानघाट की व्यवस्थाएं सुधारने के लिए दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नगरपरिषद के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की और हालात जस के तस बने हुए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगरपरिषद अधिकारी मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज कर अन्य कामों में व्यस्त हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द श्मशानघाट की सफाई, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में सफाई निरीक्षक नथाराम ने बताया- श्मशानघाट किसी संस्थान को गोद दिया गया है। उस संस्थान को नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने ये भी बताया कि नगरपरिषद के कर्मचारियों द्वारा श्मशानघाट की सफाई करवाई जा रही है।