बांदीकुई रेलवे जंक्शन पर मंगलवार को श्री श्याम जनउपयोगी सेवा संस्थान द्वारा निशुल्क जलसेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक भागचंद टांकडा ने कहा कि बांदीकुई जल्द ही उद्योग और शिक्षा नगरी के रूप में विकसित होगा। बड़ी कंपनियां यहां उद्योग स्थापित करेंगी-विधायक विधायक टांकडा ने कहा- बांदीकुई क्षेत्र में जल्द ही लॉजिस्टिक हब की शुरुआत होगी, जिससे कई बड़ी कंपनियां यहां अपने उद्योग स्थापित करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि बांदीकुई को शिक्षा नगरी के रूप में भी विकसित करने की पूरी तैयारी है। जलसेवा को विधायक ने पुण्य का काम बताया। समारोह में ज्योतिषाचार्य पंडित पुरुषोत्तम गौड़ ने जलदान को महादान और पितृ सेवा से बढ़कर बताया। उन्होंने संस्थान की रींगस स्थित धर्मशाला में वाटर कूलर लगाने की घोषणा भी की। संस्थान के कोषाध्यक्ष सुशील भुखमारिया ने कहा कि बांदीकुई जंक्शन पर यह निशुल्क जलसेवा पूरे गर्मी के मौसम में संचालित की जाएगी। प्लेटफार्म नंबर 1 से 3 और 6 पर यात्रियों को यह सुविधा मिलेगी। इस कार्य में संस्थान के पदाधिकारियों और आमजन का सहयोग रहेगा। ये रहे मौजूद इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष दिनेश बड़ाया, उपाध्यक्ष सुरेश सैनी, संगठन मंत्री रविंद्र शर्मा और सहमंत्री रघु अटोलिया ने अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया। समारोह में स्टेशन अधीक्षक मनोज बैरवा, भाजपा शहर अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, समाजसेवी रमेशचंद भुखमारिया, उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के अध्यक्ष लोकेश कसाना सहित कई गणमान्य व्यक्ति और संस्थान के पदाधिकारी मौजूद रहे। मंच संचालन रामवीर भुखमारिया और प्रवीण चौहान ने किया।