बांसवाड़ा शहर में कार में बैठे तीन दोस्तों पर करीब 20-25 लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। मामला कस्टम चौराहे का सोमवार देर रात 1 बजे का है। कार में बैठे तीन दोस्तों पर हमला एएसआई विशाल सिंह ने बताया- मयंक, विजेंद्र और अनिमेष नाम के तीन दोस्त कस्टम चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान यश तेली, विशाल तेली और रब्बर सहित तेलीवाड़ा इलाके के अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने तीनों युवकों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अनिमेष पर तलवार से वार, दो युवक गंभीर घायल एएसआई ने बताया- हमले में मयंक और अनिमेष को गंभीर चोटें आई हैं। अनिमेष के शरीर पर तलवार से वार किए जाने के घाव हैं। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अनिमेष पुनर्वास कॉलोनी का निवासी है। वह इन दिनों अपनी बुआ के घर खांदू कॉलोनी आया हुआ था। आरोपियों की तलाश शुरू घटना की सूचना मिलते ही राजतालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई विशाल सिंह के अनुसार, घायलों के बयान के आधार पर मामले में आरोपियों की धरपकड़ और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।