बांसवाड़ा में यूरिया खाद की आड़ में 23 क्विंटल से अधिक अवैध अफीम डोडा-चूरा की तस्करी के मामले में 8 महीने से फरार बदमाश को गिरफ्तार किया है। 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर और मोबाइल बंद रखकर पुलिस से बचता रहा, लेकिन चूरू के सुजानगढ़ में बहनोई के होटल पर आयोजित पारिवारिक दाल-बाटी-चूरमा पार्टी में पहुंचने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। कार्रवाई आनंदपुरी थाना पुलिस और एएनटीएफ ने की। पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. ट्रक से बरामद हुआ डोडा-चूरा 25 नवंबर 2025 को मोनाडूंगर चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान बांसवाड़ा की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोका गया। तलाशी में यूरिया खाद की आड़ में छिपाकर रखे 117 प्लास्टिक के कट्टों में भरा अवैध अफीम डोडा-चूरा मिला। बारदान सहित इसका कुल वजन 23 क्विंटल 59 किलो 750 ग्राम था। मौके से ट्रक चालक नरेश नैन (बिश्नोई), निवासी फलोदी, को गिरफ्तार किया गया। 2. पूछताछ में सामने आया सोमराज का नाम चालक से पूछताछ में पता चला कि डोडा-चूरा प्रतापगढ़ से नासिक के सोमराज ईशरवाल बिश्नोई ने भरवाया था और इसे गुजरात के रास्ते मारवाड़ ले जाया जा रहा था। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और सोमराज पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। 3. आठ महीने तक पुलिस से बचता रहा ट्रक पकड़े जाने की भनक लगते ही सोमराज ने मोबाइल फोन बंद कर दिया और घर छोड़कर फरार हो गया। वह रिश्तेदारों से भी अप्रत्यक्ष रूप से संपर्क करता था और लगातार ठिकाने बदलता रहता था। किसी नए व्यक्ति को देखते ही वह तुरंत जगह बदल लेता था। इसी दौरान एएनटीएफ को सूचना मिली कि उसका अपने बहनोई से गहरा लगाव है, जो चूरू के सुजानगढ़ में सालासर रोड पर ‘बगतस जम्भाणी महादेव’ नाम से होटल चलाता है। सोमराज हर महीने वहां रिश्तेदारों को बुलाकर दाल-बाटी-चूरमा की पार्टी करता था। 4. बहनोई के होटल से हुआ गिरफ्तार सूचना पक्की होने पर आनंदपुरी थाना पुलिस और एएनटीएफ ने सादा कपड़ों में होटल के आसपास निगरानी शुरू की। सोमराज जैसे ही पार्टी में शामिल होने पहुंचा, टीम ने उस पर नजर रखी। पार्टी खत्म होने के बाद वह अपने बहनोई के साथ एक सफेद गाड़ी में निकला तो पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी सोमराज (29) पुत्र मोहनलाल ईशरवाल बिश्नोई, निवासी चिकणी नाडी, चंदनपुरा, थाना लोहावट, जिला फलोदी का रहने वाला है। ​