​बांसवाड़ा नगरपरिषद के 59 वार्डों के निर्वाचन के बाद अब परिणाम का इंतजार कल यानी सोमवार को खत्म हो जाएगा। कल सुबह 8 बजे से मतों की गिनती की प्रक्रिया शुरू होगी। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ​14 टेबल और 59 वार्डों का गणित एसडीएम भागचंद ने जानकारी देते हुए बताया- नगरपरिषद के कुल 60 वार्डों में से 1 वार्ड पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध विजयी हो चुका है। शेष 59 वार्डों के 97 पोलिंग बूथों पर मतदान संपन्न हुआ था। मतगणना के लिए कुल 14 टेबलें लगाई गई हैं, जिन पर वार्डवार मतों की गिनती की जाएगी। वार्ड 1 से 15, वार्ड 16 से 29, वार्ड 30 से 43 वार्ड 44 से 57 व वार्ड 58 से 60 की कुल 5 राउंड में मतगणना होगी। इसके लिए 60 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई है। एक राउंड की मतगणना में अनुमानित 15-20 मिनट का समय लगता है। राउंड वार होगी गणना, सुबह 10 बजे तक तस्वीर साफ मतगणना की प्रक्रिया के तहत एक दौर में 14 वार्डों का परिणाम घोषित किया जाएगा। पहला राउंड पूरा होने के बाद दूसरा राउंड चलाया जाएगा। इस तरह चरणबद्ध तरीके से गिनती पूरी होगी। सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होने के बाद अनुमानित तौर पर सुबह 10 बजे तक सभी वार्डों के परिणाम घोषित किए जाने की पूरी संभावना है। ​प्रत्याशियों के एजेंट रह सकेंगे मौजूद यदि कोई प्रत्याशी मतगणना के दौरान खुद उपस्थित नहीं रह पाता है, तो उसका निर्वाचन एजेंट या काउंटिंग एजेंट उनके प्रतिनिधि के तौर पर मतगणना कक्ष में उपस्थित हो सकता है। एसडीएम ने बताया कि किसी भी प्रत्याशी की ओर से कोई आपत्ति दर्ज कराए जाने पर राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नियमानुसार कार्रवाई कर दोबारा काउंटिंग करवाई जा सकेगी।