राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए बांसवाड़ा जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। जिला एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत बांसवाड़ा जिले की 4 पंचायत समितियों घाटोल, गढ़ी, छोटी सरवन और तलवाड़ा की कुल 139 ग्राम पंचायतों में 372 बूथों पर मतदान होगा। चुनाव और काउंटिंग का शेड्यूल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 अक्टूबर को पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान होगा। इसके बाद 30 अक्टूबर को पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा, जिसकी मतगणना मतदान समाप्त होते ही संबंधित पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। वहीं 31 अक्टूबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। 1934 जवान और 16 सुपरवाइजरी अधिकारी तैनात चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए 16 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त, त्वरित कार्रवाई और निगरानी के लिए 45 मोबाइल पार्टियां गठित की गई हैं। चारों पंचायत समितियों में कुल 1934 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के 35 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही, मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रत्येक सामान्य मतदान बूथ पर भी 2 सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। रिजर्व बल और डार्कजोन क्षेत्रों में विशेष संचार नेटवर्क किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर 30-30 और जिला स्तर पर 120 पुलिसकर्मियों का रिजर्व बल रखा गया है। संचार व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 9 डार्कजोन क्षेत्रों में अलग से वायरलेस नेटवर्क स्थापित किया गया है। बांसवाड़ा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। पुलिस ने नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है।