बांसवाड़ा पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान देश की सेवा और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद किया गया। पुलिस अधिकारियों, जवानों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने शहीदों को नमन किया। ​154 पुलिसकर्मियों के नाम व पदनाम का हुआ वाचन ​समारोह के दौरान एसपी सुधीर जोशी ने देशभर के राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अर्द्धसैनिक बलों के शहीद पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के बलिदान को याद किया। इस वर्ष शहीद हुए कुल 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम और पदनाम का वाचन किया गया। उन्होंने राष्ट्र एवं आमजन की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति आस्था जाहिर की। ​शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी शोक सलामी ​पुलिस लाइन ग्राउंड स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस की सम्मान गार्ड ने शस्त्र उलटकर शोक शस्त्र की मुद्रा में शहीदों को सम्मान दिया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पुलिस बैंड ने लास्ट पोस्ट धुन बजाई और फूल बरसाकर वीर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। ​रक्तदान और पौधारोपण से दिया पर्यावरण व जीवन रक्षा का संदेश ​पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में रक्तदान शिविर एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ​ पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह सहित अन्य अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ​रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान के महत्व को रेखांकित किया गया। ​समारोह के अंत में सभी ने राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। क्यों मनाया जाता है पुलिस शहीद दिवस? ​उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को भारत-चीन सीमा पर लद्दाख के हॉट स्पिंग्स क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की एक टुकड़ी पर चीनी सैनिकों द्वारा किए गए हमले में 10 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस अथवा पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है।