बांसवाड़ा शहर के नया बस स्टैंड स्थित एक निजी होटल में सीकर जिले के 27 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रीमाधोपुर निवासी जयेश पिता गिरधारी लाल भादू के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था और पिछले तीन दिनों से होटल में ठहरा हुआ था। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रात 2:30 बजे मंगवाई थी पानी की बोतल कोतवाली थाने के एसआई रमेशचंद्र ने बताया- होटल कर्मचारियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे जयेश ने रिसेप्शन पर फोन कर पानी की बोतल मंगवाई थी। इसके बाद उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। रविवार देर शाम तक कमरे से कोई गतिविधि नजर नहीं आने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। फर्श पर पड़ा मिला युवक सूचना पर पहुंची पुलिस ने मास्टर चाबी की मदद से कमरे का दरवाजा खोला। अंदर युवक बेड के बजाय फर्श पर अंडरवियर और बनियान में मृत अवस्था में पड़ा मिला। कमरे की तलाशी लेने पर वहां खाना और पानी की खाली बोतलें भी मिलीं। मिर्गी का दौरा पड़ने की आशंका पुलिस अधिकारी रमेशचंद्र के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में युवक को मिर्गी के दौरे पड़ने की आशंका जताई गई है। संभावना है कि रात में दौरा पड़ने के कारण वह बेड से नीचे गिर गया हो। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों के आने पर होगा पोस्टमार्टम पुलिस ने शव को महात्मा गांधी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के बांसवाड़ा पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।