बांसवाड़ा जिला परिषद चुनाव के लिए नामांकन के दौरान कलेक्टर कार्यालय में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। भाजपा, कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान ढोल-नगाड़े बजे और नारेबाजी हुई। प्रमुख नेताओं ने भी अपने-अपने दलों के प्रत्याशियों के साथ पहुंचकर उनका समर्थन किया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष यदुनाथ सिंह चुंडावत ने गनोड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 से जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किया। दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में भरा पर्चा नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा, कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में कलेक्ट्री पहुंचे। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा और एसटी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राजेश कटारा ने पार्टी प्रत्याशियों का हौसला बढ़ाया। वहीं, कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह बामणिया और पूर्व सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी भी अपने समर्थकों और प्रत्याशियों के साथ नामांकन प्रक्रिया में शामिल हुए। भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के नेता हेमंत राणा भी अपने प्रत्याशियों के नामांकन के लिए कलेक्ट्री परिसर पहुंचे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष यदुनाथ सिंह चुंडावत ने किया नामांकन नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और स्थानीय नेता यदुनाथ सिंह चुंडावत ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए अपना पर्चा दाखिल किया। उन्होंने गनोड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 से नामांकन भरा। सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद नामांकन स्थल पर समर्थकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए। कलेक्ट्री के मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग की गई। यहां से केवल प्रत्याशियों और उनके अधिकृत प्रस्तावकों को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई, ताकि नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।