भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का बुधवार को बर में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। जयपुर से पाली जाते समय एक निजी रिसॉर्ट में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनकी शादी की सालगिरह भी मनाई और जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में राठौड़ की पत्नी भी मौजूद थीं। दंपती ने एक-दूसरे को माला पहनाई और पुष्पगुच्छ भेंट किए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ व सफल जीवन की कामना की। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता छोटू सिंह उदावत, पूर्व प्रतिपक्ष नेता कानसिंह इंदा, एडवोकेट मनजीत सिंह उदावत, एडवोकेट मुकेश गुर्जर, जोरावर सिंह उदावत, डूंगाराम बागड़ी, सोहनलाल माली, महेंद्र माली, रोहित सिंह शेखावत सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि वे पाली से बालोतरा और बाड़मेर के लिए रवाना होंगे। यहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित बाड़मेर दौरे की तैयारियों का जायजा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी बाड़मेर जिले में पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके साथ ही एक विशाल जनसभा का भी आयोजन प्रस्तावित है।