वकीलों की सबसे बड़ी संस्था बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (BCR) के आज चुनाव हो रहे हैं। उदयपुर में भी जिला कोर्ट में सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। करीब तीन साल की देरी से 8 साल बाद हो रहे चुनाव में 23 पदों के लिए 234 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें 7 प्रत्याशी उदयपुर के एडवोकेट हैं। उदयपुर के 3 हजार 617 अधिवक्ता वोटिंग के लिए ​रजिस्टर्ड हैं। चुनाव में उदयपुर से वरिष्ठ अधिवक्ता रतन सिंह राव, गोपाल सिंह चौहान, रामलाल जाट, भरत जोशी, परसराम सालवी, वंदना उदावत और शीतल नंदवाना मैदान में हैं। शाम 5 बजे तक वोटिंग के बाद सभी मतपेटियां सेशन जज के पास जमा करवाई जाएंगी। 29 अप्रैल से मतगणना शुरू होगी। बार अध्यक्ष जितेंद्र जैन ने बताया कि मतदान एकल हस्तांतरणीय वरीयता वोट (एसटीवी) प्रणाली से करवाया जा रहा है। अंदर मोबाइल ले जाने पर रोक इसमें प्रत्येक मतदाता को बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों के सामने अपनी प्राथमिकता के अनुसार अंक (1, 2, 3, 4…23) अंकित करने होंगे। वोटर मतदान केंद्र में मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ ले जाने की अनुमति नहीं है। पूरी मतदान प्रक्रिया रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. सचिन आचार्य के निर्देशन में हो रही है। अतिरिक्त चुनाव अधिकारी सुरेश चंद्र द्विवेदी और हेमंत जोशी है। बार एसोसिएशन ने सभी मतदाताओं से नियमों का पालन करते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान करने की अपील की है। जानकारी के अनुसार वोटिंग के लिए मतदाता कोर्ट के पिछले यानी तहसील के पास वाले गेट से एंट्री मिलीं, जबकि वोटिंग के बाद न्यू कोर्ट कॉम्प्लेक्स के मेनगेट से निकासी की व्यवस्था रखी गई। इस दौरान मतदाताओं को पोलिंग बूथ पर एंट्री के लिए बार काउंसिल द्वारा जारी की गई आईडी कार्ड, उदयपुर बार एसोसिएशन की आईडी, सरकारी कागजात के तौर पर पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस साथ लाना जरूरी है।