भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बारां की टीम ने बुधवार को कृषि विस्तार विभाग के संयुक्त निदेशक आनन्दीलाल मीणा को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यह रिश्वत खाद, बीज और कीटनाशक के डीलरों से स्टॉक रजिस्टर का सत्यापन करने के एवज में मांगी थी। एसीबी एएसपी कालूराम वर्मा ने बताया कि दो परिवादियों ने संयुक्त रूप से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि संयुक्त निदेशक आनन्दीलाल मीणा स्टॉक रजिस्टर सत्यापन के नाम पर प्रति डीलर 5-5 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे थे और रिश्वत न देने पर परेशान किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने इसका गोपनीय सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपी ने 2 हजार रुपए लेकर शेष राशि बाद में देने को कहा था। इसके बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को एसीबी कोटा रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और एएसपी कालूराम वर्मा के नेतृत्व में डीएसपी प्रेमचंद मीणा की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने आरोपी आनन्दीलाल मीणा को एक परिवादी से 5 हजार और दूसरे परिवादी से 3 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। एसीबी के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।