बारां जिले में नेशनल हाइवे पर केमिकल चोरी के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें टैंकर ड्राइवर और ढाबा संचालक भी शामिल हैं। आरोपी लंबे समय से फैक्ट्री में उपयोग होने वाले केमिकल को चोरी कर बेचने का काम कर रहे थे। केमिकल लेकर आने वाले टैंकरों से केमिकल निकाल कर उसमें पानी भर दिया जाता था। यह पूरा खेल नेशनल हाइवे पर स्थित एक ढाबे पर टैंकर ड्राइवर और होटल संचालक की मिलीभगत से चल रहा था। सूचना मिलने पर डीएसपी हेमंत गौतम के सुपरविजन में डीएसटी टीम ने कार्रवाई की। इस कार्रवाई में डीएसटी एसआई आकाश शिंदे की अहम भूमिका रही। पुलिस ने मौके से टैंकर ड्राइवर और ढाबा संचालक को रंगे हाथों दबोचा है। शाहाबाद थाना पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस गिरोह में और भी लोग शामिल होने की आशंका है, जिनकी तलाश की जा रही है।