बारां शहर स्थित जिला कलेक्ट्रेट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार को मिली इस सूचना के बाद प्रशासन अलर्ट पर आ गया। कोतवाली पुलिस और उच्चाधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। एहतियात के तौर पर पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को खाली कराकर सुरक्षित घेराबंदी की गई। धमकी की सूचना मिलते ही कोटा से बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही दमकल विभाग और एम्बुलेंस को भी तैनात किया गया। जांच टीमों ने पूरे परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया। एएसपी राजेश चौधरी ने बताया कि कलेक्टर कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें कलेक्ट्रेट परिसर में बम रखे होने की चेतावनी दी गई थी। बारां पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए परिसर को खाली कराया और कोटा बम निरोधक दस्ते व डॉग स्क्वायड टीम से गहनता से जांच करवाई। अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। फिलहाल, साइबर सेल ईमेल के स्रोत की जांच कर आरोपी का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है। गौरतलब है कि दो दिन पहले सोमवार को भी ऐसे ही धमकी भरे ईमेल मिले थे। उन ईमेल में बारां कलेक्ट्री और कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई थी, लेकिन उस जांच में भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली थी।