बारां जिले की 6 पंचायत समितियों में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को शुरू हुई। पहले दिन पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 19 और जिला परिषद सदस्य पद के लिए 1 प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल किया। टिकट वितरण के बाद कांग्रेस में बगावत शुरू हो गई है। शाहाबाद पंचायत समिति में कांग्रेस को झटका लगा है। यहां प्रधान पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे कांग्रेस नेता एडवोकेट वीरेंद्र कुमार अग्रवाल का टिकट काट दिया गया। नाराज होकर वीरेंद्र अग्रवाल ने वार्ड नंबर 14 से निर्दलीय पर्चा भरा। नामांकन के दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेता उनके साथ थे। इससे पार्टी में हलचल है। शाहाबाद के वार्ड 14 में कुल 3 नामांकन हुए हैं। अभिषेक और अश्विनी ने कांग्रेस से, वीरेंद्र अग्रवाल ने निर्दलीय पर्चा भरा है। वीरेंद्र अग्रवाल छात्र जीवन से ही कांग्रेस से जुड़े रहे हैं।