बारां जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में 89 एनडीपीएस मामलों में जब्त 2 करोड़ 14 लाख 25 हजार 85 रुपए मूल्य के अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। पुलिस मुख्यालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में स्मैक, चरस, गांजा, अफीम डोडा चूरा और नशा करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को अग्नि के हवाले किया गया। अप्रैल से अब तक जिले में 5.72 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ नष्ट किए जा चुके हैं। विशेष अभियान के तहत कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निर्देशानुसार 26 जून से 10 जुलाई तक चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत की गई। जिला स्तर पर गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी ने एनडीपीएस एक्ट के 89 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया। क्या-क्या किया गया नष्ट नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 146 ग्राम 468 मिलीग्राम स्मैक, 31 ग्राम चरस, 133 किलो 385 ग्राम गांजा एवं गांजे के पौधे तथा 787 किलो 915 ग्राम अफीम डोडा चूरा शामिल था। इसके अलावा स्मैक और गांजा पीने में उपयोग किए जाने वाले उपकरण भी नष्ट किए गए। 2.14 करोड़ से अधिक की थी कीमत जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 14 लाख 25 हजार 85 रुपए आंकी गई। इसमें स्मैक की कीमत 29.29 लाख रुपए, चरस की 7,750 रुपए, गांजे की 66.69 लाख रुपए और अफीम डोडा चूरा की 1.18 करोड़ रुपए शामिल थी। अप्रैल से अब तक 5.72 करोड़ के मादक पदार्थ नष्ट पुलिस के अनुसार, इससे पहले 30 अप्रैल 2024 को ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी ने 95 प्रकरणों में जब्त 3 करोड़ 58 लाख 3 हजार 900 रुपए मूल्य के मादक पदार्थों को नष्ट किया था। इसके साथ ही 30 अप्रैल से 8 जुलाई के बीच कुल 184 प्रकरणों में जब्त 5 करोड़ 72 लाख 28 हजार 985 रुपए मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण किया जा चुका है।