बारां में शनिवार को मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत जिले के विभिन्न विभागों में चयनित 947 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र और वेलकम किट वितरित किए गए। बारां-झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह की मौजूदगी में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा एचआरआरएल रिफाइनरी उद्घाटन समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा गया। सांसद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। सांसद बोले- विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच रहा मुख्य अतिथि सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं, किसानों और महिलाओं सहित समाज के हर वर्ग के लिए विकास की नई सौगातें लेकर आई हैं। उन्होंने कहा कि बारां जिले में परवन परियोजना, मेडिकल कॉलेज और आरओबी जैसे कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लाभ लोगों को मिल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन को इन योजनाओं की प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए और नियुक्ति पाने वाले युवाओं को शुभकामनाएं दीं। युवाओं को बताया राष्ट्र निर्माण की ताकत कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गेंदालाल रैगर ने कहा कि रोजगार उत्सव के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवा का अवसर मिला है। इससे वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे। प्रधानमंत्री का संबोधन और विकास कार्यों का प्रसारण समारोह में मौजूद अभ्यर्थियों और अतिथियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन लाइव सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने 1.05 लाख करोड़ रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ जिला परिषद सभागार में कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। तुलसी का पौधा भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया गया। समारोह में जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा, उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल, बारां प्रधान मोरपाल सुमन, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता एवं शारीरिक शिक्षक सुनील शर्मा ने किया।