बारां में कांच व्यापारी के अपहरण और 14 लाख रुपए की फिरौती मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपियों का शहर में जुलूस भी निकाला। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि यह वारदात 24 अप्रैल को हुई थी। इसके बाद एएसपी राजेश चौधरी के नेतृत्व में डीएसपी बारां, कोतवाली थाना पुलिस, जिला विशेष टीम और साइबर सेल की कुल चार टीमें गठित की गईं। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने रविवार रात तालाबपाड़ा निवासी मोइन खान उर्फ मोनू, तेल फैक्ट्री निवासी सुमित नागर और ओढ़पुरा निवासी साजिद उर्फ राइडर को गिरफ्तार किया। इन तीनों आरोपियों को सोमवार को प्रताप चौक से चारमूर्ति चौराहा तक पैदल जुलूस निकालकर तस्दीक करवाई गई। बाद में उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने सोमवार को तीन अन्य आरोपियों राहिल, रिहान और शाहरुख को भी गिरफ्तार किया है। उनसे गहन पूछताछ जारी है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।