बारां कृषि उपज मंडी में बंपर आवक और माल का उठाव न होने से व्यवस्था बिगड़ गई है। करीब 3.50 लाख कट्टे कृषि जिंसों के जमा हो गए, जिससे नई उपज रखने की जगह नहीं बची। माल अटकने की मुख्य वजह ट्रकों की कमी है। मंडी व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी ने बताया, खाद की रैक आने से ट्रक खाद ढोने में लगे हैं। 150 ट्रकों की जरूरत है, पर 30-40 ही मिल पा रहे हैं। लगातार आवक से मंडी भर गई। व्यापारियों और मंडी प्रशासन ने बैठक कर फैसला लिया कि शनिवार 17 अक्टूबर को कृषि जिंसों की नीलामी बंद रहेगी। किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और कृषि जिंस वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा। मंडी व्यापार संघ ने किसानों से अपील की है कि वे शनिवार को अपनी उपज लेकर मंडी न आएं, ताकि परेशानी से बचा जा सके। मंडी प्रशासन के मुताबिक, रविवार रात 10 बजे से वाहनों का प्रवेश शुरू होगा और सोमवार से नीलामी का काम चलेगा।