बारां जिले की किशनगंज तहसील के हरिपुरा गांव में चार भैंसें चोरी होने के बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने भैंसें तलाशने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। बुधवार को जगदीश औड के नेतृत्व में ग्रामीण जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन दिया। ज्ञापन के मुताबिक हरिपुरा निवासी अमरलाल पुत्र ईश्वरलाल ओड़ की चार भैंसें 23 अक्टूबर को शाम 4 से 5 बजे के बीच चरते समय गायब हो गईं। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद अमरलाल ने 26 अक्टूबर को पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि रिपोर्ट के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि इससे पहले भी गांव से कई भैंसें चोरी हुई हैं, जिनका अब तक पता नहीं चला। ग्रामीणों ने इलाके में भैंस चोरों का गिरोह सक्रिय होने की बात कही। ग्रामीणों ने चोरी गई भैंसों को तलाशने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की।