बारां जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने गूगलहेड़ी और इकलेरा क्षेत्रों से अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। इन वाहनों के ड्राइवरों के आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई की गई। जब्त किए गए वाहनों की सूचना अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को भी भेज दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवारी के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी रोहिताश देवंदा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। सदर थानाधिकारी नवल किशोर मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इसे अंजाम दिया। पुलिस टीम ने पहले गूगलहेड़ी के माल क्षेत्र में दबिश दी, जहां अवैध खनन में लगी 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोका गया। दस्तावेजों के अभाव में इन वाहनों को जब्त कर लिया गया। इसके बाद ग्राम इकलेरा में अवैध रूप से मिट्टी का परिवहन कर रही 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी दस्तावेजों की कमी के कारण जब्त की गईं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और खनिज परिवहन के मामलों में आगे की कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सूचित कर दिया गया है। एसपी ने जोर देकर कहा कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।