बारां में भारतीय किसान संघ ने 22 अक्टूबर से कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का फैसला किया है। यह निर्णय शुक्रवार को कृषि उपज मंडी स्थित किसान भवन में हुई मासिक जिला बैठक में लिया गया। जिला अध्यक्ष अमृत मीणा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 17 सितंबर को कलेक्ट्रेट पर दिए गए 17 सूत्रीय मांग पत्र की समीक्षा की गई। प्रशासन द्वारा कई प्रमुख मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर किसानों ने नाराजगी जताई। 2 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य धरने में किसानों की खाद, बिजली, नहरी पानी, आपदा राहत और फसल बीमा राशि जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। आगे की रणनीति धरना स्थल पर ही तय होगी। बैठक में संगठन विस्तार पर भी चर्चा हुई और 1 जनवरी 2027 तक जिले में 2 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया। इस दौरान प्रांत अध्यक्ष शंकर लाल नागर, घनश्याम मीणा, भूपेंद्र शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।